देवगढ़ रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात विभाग ने लगाई बैरीकेटिंग
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। देवगढ़ रोड रेलवे क्रॉसिंग पर लग रहे जाम से नगरवासियों को छुटकारा दिलाने के लिए यातायात विभाग ने रेलवे टिकट घर के पास एवं क्रॉसिंग पर नेहरू नगर की ओर बैरीकेडिंंग कर दी है। इससे रेलवे स्टेशन के पास से केवल दो पहिया वाहन ही आ- जा सकेंगे।
देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग से नेहरू नगर की ओर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। अभी नौ पिलर पर स्लैब डालने का कार्य चल रहा है। रेलवे क्रॉसिंग से पहले स्टेशन तिराहा की ओर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होना है। लेकिन, स्थानीय निवासियों के आवासों की अड़चनों के कारण ओवरब्रिज का निर्माण अटका हुआ है। सेतु निगम ने यहां बैरीकेडिंंग लगाकर पूरा रास्ता बंद कर रूट डायवर्जन करते हुए नेहरू नगर से सिद्धन बाईपास का मार्ग निर्धारित किया गया है, लेकिन सभी प्रकार के बड़े वाहन रेलवे स्टेशन के सामने से टिकट घर, पुराना मालगोदाम वाले रास्ते से निकाले जा रहे थे, इससे यहां जाम की स्थिति बन रही थी। छोटे वाहन पुराने मालगोदाम के प्लेटफार्म से होकर निकल रहे थे। इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
इस संबंध में अमर उजाला द्वारा तीन जनवरी को पृष्ठ संख्या दो पर काम शुरू होने के दस दिन पहले ही बंद कर दिया रास्ता, लग रहा जाम शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद यातायात विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के आगे टिकट घर के पहले और आरपीएफ थाने के पास और देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर नेहरू नगर की ओर बैरीकेडिंंग लगाकर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए हैं। यहां सिर्फ दो पहिया वाहनों को ही एंट्री दी गई है। तीन पहिया, चार पहिया से लेकर बाकी सभी प्रकार के बड़े वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। इससे अब यहां जाम से लोगों को राहत मिली है। सभी प्रकार के बड़े वाहनों को अब पूर्व से निर्धारित किए गए नेहरूनगर - सिद्धन बाईपास मार्ग से ही निकाला जा रहा है।
------------
सभी प्रकार के बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। वाहन सिद्धन बाईपास मार्ग से निकाले जा रहे हैं। देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग से पुराने मालगोदाम के पास टिकट घर के सामने वाले मार्ग से सिर्फ दो पहिया वाहनों को एंट्री दी गई है। सभी वाहनों को रूट डायवर्जन के अनुसार ही निकाला जाएगा।
- अनुज गंगवार, यातायात प्रभारी निरीक्षक।