ललितपुर। आठ जनवरी को दुर्घटना रहित दिवस के रूप मेें मनाए जाने की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर बताया गया कि 70 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं ड्राइवरों की लापरवाही से होती हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्णी चौराहे से रेलवे स्टेशन होते हुए देवगढ़ जाने वाले मार्ग को अतिक्रमणमुक्त किया जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सोमलता यादव ने बताया कि आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाएं चालकों की लापरवाही से 70 प्रतिशत, वाहनों की तकनीकी खराबी से 10 प्रतिशत, साइकिल चालकों की गलती से 05 प्रतिशत, पैदल चलने वालों की गलती से 05 प्रतिशत, खराब मौसम के कारण 06 प्रतिशत तथा खराब सड़कों की वजह से 04 प्रतिशत दुर्घटनाएं होती हैं।
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए 08 जनवरी को (07 जनवरी की रात्रि 12 बजे से 08 जनवरी की रात्रि 12 बजे तक) दुर्घटना रहित दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। उक्त समयावधि में यातायात नियमों के शत-प्रतिशत पालन करने हेतु वाहन चालकों तथा सड़क के अन्य उपयोगकर्ताओं को सतर्क करने तथा यातायात के नियमों का पालन कराए जाने संबंधी विषयों पर विचार विमर्श हुआ।
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की कार्ययोजना अभी से तैयार कर लें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक दशा में 08 जनवरी को दुर्घटनारहित दिवस सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।
नेशनल हाईवे पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र पर लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण तथा नगर पालिका जैसे अन्य विभागों के कर्मचारियों की आठ-आठ घंटों की शिफ्टों में ड्यूटी लगाकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने चालकों के नि:शुल्क नेत्र परीक्षण के लिए शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि वह यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने हेतु पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग्स भी नियत स्थानों पर लगाना सुनिश्चित करें। पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई करे।
उन्होंने मसौरा बैरियर तथा महरौनी से आने वाले मार्ग पर गोल चक्कर बनाए जाने सहित दुर्घटना रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शहजाद नदी के पुल से गुजरने वाले भारी वाहनों के लिए बैरियर लगाने, वाहनों के शीशों से ब्लैक फिल्म हटाने तथा प्रेशर हॉर्न की चेकिंग करने, थ्री पर्सन राइडिंग करने,
वर्णी चौराहे से रेलवे स्टेशन होते हुये देवगढ़ जाने वाले रोड पर अतिक्रमण मुक्त किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर थपर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, क्षेत्राधिकारी सदर, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।