मरीज झांसी में भर्ती, जनपद में 19 हुई डेंगू मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में डेंगू के मरीज मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान दो मरीज डेंगू के और मिले। मरीजों को मेडिकल काॅलेज झांसी में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन गांवों में डेंगू लार्वा निरोधी दवा का छिड़काव करने में जुट गई हैं।
जनपद में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 19 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मरीज में डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। जहां इनकी जांच की गई तो दोनों डेंगू बीमारी से ग्रसित पाए गए।
दोनों मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-मोहल्ला में घर घर जाकर कूलर, टायर सहित अन्य जगहों पर जमा पानी को अलग करते हुए दवा का छिड़काव कर रही है। इसके साथ लोगों को जागरूक करते हुए सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की अपील कर रहे हैं।
डेंगू जांच मशीन अभी भी खराब
जिला चिकित्सालय में डेंगू की जांच करने के लिए एलाइंजा जांच मशीन स्थापित कराई गई थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह मशीन पिछले काफी समय से खराब पड़ी हुई है। इस कारण से अस्पताल आने वाले बीमार लोगों में डेंगू मरीज के लक्षण पाए जाने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया जाता है।
झांसी में मरीज की जांच होती है और पाॅजिटिव पाए जाने पर वहीं पर भर्ती कर लिया जाता है। वहीं जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू वार्ड बना रखा है। लेकिन यहां पर जांच न होने और मरीजों को झांसी रेफर कर दिए जाने से वार्ड में अब तक एक भी मरीज को भर्ती नहीं किया गया है।
पिछले चौबीस घंटे में डेंगू के दो मरीज मिले हैं। दोनों मरीज झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। वहीं संक्रमित मिले दोनों मरीजों के गांव-मोहल्लों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा डेंगू लार्वा नाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
-डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्साधिकारी