ललितपुर। वन विभाग ने इको पर्यटन विकसित करने के लिए जनपद के जंगली इलाकों में स्थित प्राचीन स्थल के आसपास विकास कार्य की कार्ययोजना तैयार की है। सिद्ध टेकरी मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए शासन से 50 लाख रुपये मांगे गए हैं।
माताटीला रेंज अंतर्गत ग्राम मनगुवां के समीप प्रचीन सिद्ध टेकरी मंदिर है। यहां पर इको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। यहां पर पहुंच मार्ग निर्माण के साथ ही वन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए वॉच टावर भी बनाया जाएगा। इसके अलावा टेकरी में कैंपिंग साइट का भी निर्माण किया जाएगा। यहां पर प्राचीन हनुमान मंदिर है, जो चंदेलकालीन समय का निर्मित है। इसके अलावा ग्रामीणों ने नौ देवियों का मंदिर, राधाकृष्ण व रामदरबार मंदिर का निर्माण कराया है। पहाड़ी पर मंदिर होने के कारण यहां से आसपास का वन क्षेत्र का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। यहां पर प्रतिवर्ष एक, दो व तीन जनवरी को मेला का आयोजन किया जाता है। हजारों लोग दर्शन के लिए आते हैं। मान्यता है कि इस मंदिर में जो भी प्रार्थना की जाती है, ईश्वर उसे जल्द की पूरा करता है। यहां पर बाहर के सैलानियों को आकर्षित करने के लिए वन विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है।
-
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग पहली बार दिख रहा है सजग
जनपद में प्राचीन ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल मौजूद हैं। यहां के पर्यटक क्षेत्र अधिकांश वन क्षेत्र में हैं। लेकिन विभाग की अनुमति न मिलने से यहां के पर्यटन क्षेत्र का विकास नहीं हो रहा है। पहली बार वन विभाग ने इन क्षेत्रों के विकास के कार्ययोजना तैयार की है, अगर इन कार्ययोजनाओं को मंजूरी मिल जाती है, तो निश्चत ही जनपद के पर्यटनस्थलों तक पर्यटकों को पहुंचने में आसानी होगी।
-
सिद्ध टेकरी मंदिर व उसके आसपास के क्षेत्र को विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की है। शासन से धनराशि मांगी गई है। धनराशि मिलते ही इस क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
गौतम सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी।