ललितपुर। राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश की प्रांतीय वर्चुअल बैठक गूगल मीट पर हुई। इस दौरान प्रधानाचार्य व प्रवक्ता के रिक्त पदों को पदोन्नति से भरने की मांग की गई। पदोन्नति नहीं किए जाने पर रोष जताया गया।
प्रांतीय बैठक में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में समय से वेतन नहीं मिल पाने एवं प्रदेश में प्रवक्ता, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य के अनेक पद रिक्त होने के बाद भी पदोन्नति नहीं किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। यदि 31 दिसंबर तक उक्त बिंदुओं पर निर्णय नहीं लिया गया तो राजकीय शिक्षक पुन: नए वर्ष में बैठक कर निदेशालय पर धरना एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार करने का निर्णय लेने के लिए बाध्य हो जाएंगे।
बैठक को प्रांतीय पदाधिकारियों में सुरेश कुमार डोभाल, रामेश्वर प्रसाद पांडे, अजय कुमार सोनी, अशोक कुमार आवाक, आरती सिंह, राहुल कुमार जैन, राम सिंह राजपूत, जयशंकर प्रसाद द्विवेदी, अशोक कुमार, मंडलीय पदाधिकारियों में केके शुक्ला, दीपक कुमार शुक्ला, आरपी पांडे, जलील खान, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, बाहुबली कुमार जैन, केके भार्गव, मनीराम वर्मा, निर्मल कुमार, रूपेश साहू, सुधीर कुमार, जेडआर खान, रामविलास वर्मा, प्रखर द्विवेदी आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी कौल बतौर मुख्य अतिथि एवं संघ के पूर्व महामंत्री जीएस शुक्ल के विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अध्यक्षता अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडे एवं संचालन प्रांतीय महामंत्री केदारनाथ तिवारी ने किया।
राहुल जैन राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश की प्रांतीय वर्चुअल बैठक संपन्न- फोटो : LALITPUR