ललितपुर। दो दिन पूर्व राजघाट क्षेत्र में एक इंजीनियर की जूता के फीता बांधते समय नहर में गिरकर डूबने से मौत हो गई थी। इंजीनियर को बचाने नहर में कूदा साथी भी डूूबने लगा तो एक चरवाहा उसका सहारा बना और उसकी जान बच गई, लेकिन इंजीनियर की पानी में डूबकर मौत हो गई।
थाना कानपुर नगर क्षेत्र अंतर्गत हंसपुर स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी ऋषि द्विवेदी पुत्र शीतला शंकर भारत एक्सप्लोसिव कंपनी में सेफ्टी इंजीनियर के पद पर तैनात था। वह रविवार को अपने साथी संदीप के साथ राजघाट बांध पर घूमने गया था। शाम करीब पांच बजे वह दोनों वापस लौटने के दौरान भरतपुरा के पास निकली राजघाट बांध की नहर के किनारे बैठ गए। इंजीनियर ऋषि नहर किनारे जूते के फीते बांधने लगा, जबकि उसका साथी उठकर दूसरी ओर चला गया। दूसरा जूता बांधने के दौरान ऋषि का संतुलन बिगड़ा और नहर में गिर गया एवं डूबने लगा।
यह देख साथी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह साथी को तो नहीं बचा सका और खुद भी डूबने लगा, इस पर पास में मौजूद एक चरवाहे को आवाज लगाई तो उसने लकड़ी के सहारे दूसरे युवक को बाहर निकाल लिया। जानकारी पर पीआरवी ने मौके पर पहुंचकर डूबे इंजीनियर को किसी प्रकार बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।