ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सेमरा भागनगर में गेहूं व खरबूजा बेचकर लौट रहा युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाना बार पुलिस को शिकायती पत्र देकर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना बार के अंतर्गत ग्राम सेमरा बड़ा निवासी मंगल (25) पुत्र बृजनंदन लोधी सोमवार को ट्रैक्टर से गेहूं और खरबूजा बेचने के लिए जिला मुख्यालय ललितपुर गया था। रात करीब साढ़े दस बजे पास ग्राम सेमरा भागनगर स्थित सिद्धबाबा के पास से निकल रहे दो लोगों ने मंगल को सड़क के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ अवस्था में बेसुध पड़ा देखा। उन लोगों ने उसके गांव जाकर परिजनों को सूचना दी, परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाई व चार बहनों में सबसे छोटा था और खेती बाड़ी संभालता था। मृतक के भाई महेश लोधी ने थाना बार पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपने भाई मंगल की टायर लीवर से सिर पर प्रहार कर हत्या किए जाने के आरोप लगाए हैं। मामले में थानाध्यक्ष बार अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।