ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता कमरे के अंदर दुपट्टे के फंदे पर लटकती मिली। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ससुरालीजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करने की बात कही है।
थाना बानपुर के ग्राम तेरा हाल शहर के मोहल्ला नईबस्ती निवासी प्रियंका (24) अपने पति अमित कुमार के साथ किराये के कमरे में रहती थी। ससुर कोमलचंद्र के मुताबिक प्रियंका की शादी जून 2023 में उसके पुत्र अमित से हुई थी। शादी के 15 दिन बाद ही प्रियंका और अमित ललितपुर में नईबस्ती मोहल्ले में किराए का कमरे लेकर रहने लगे। जबकि, वह लोग गांव में ही रहते थे। अमित पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत है। साथ में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हुए कोचिंग भी करता है। सोमवार को प्रियंका के पिता महेश निवासी ग्राम असऊपुरा ने फोन किया और बताया कि रक्षाबंधन को लेकर वह प्रियंका को लेने के लिए मंगलवार को आ रहा है। इस पर वह अपने भतीजे व एक अन्य ग्रामीण के साथ नईबस्ती स्थित बेटे के घर पहुंचा। अमित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी को लेकर कोचिंग पढ़ने गया था। प्रियंका ने उससे चाय पानी की पूछी। उसने मना किया और कचहरी होकर कुछ देर में आने की बात कहते हुए वहां से निकल गया। कुछ देर बाद जब वह कमरे पर गया और दरवाजा खोला तो प्रियंका दुपट्टा के फंदे पर लटक रही थी। उसे फंदे से नीचे उतारकर आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ससुर ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया है।
पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सूचना मिलने पर मृतका के मायके असऊपुरा निवासी पिता महेश परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। महेश ने बताया कि उसका दामाद नशे का आदी था और पुत्री से मारपीट करता था। मायके से अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। देर रात तक घर आता था। इसको लेकर विवाद होता था। महेश ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। मायके पक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर शिकायती पत्र मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर।