ललितपुर। महरौनी क्षेत्र के सैदपुर फार्म तिराहा के पास शनिवार को सुबह ग्राम छायन निवासी एक युवक का शव पड़ा मिला।
महरौनी क्षेत्र के ग्राम छायन निवासी शिवलाल (25) पुत्र बलू कुशवाहा ग्राम छायन, नैनवारा एवं दरौना में चाट का ठेला लगाता है। बीते दो दिन पहले बृहस्पतिवार की रात को बिना बताए कहीं चला गया था। जब वह देर रात को नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार की सुबह महरौनी क्षेत्र के ग्राम सैदपुर फार्म तिराहा के पास उसका शव चिरौल के पेड़ पर लटका मिला। वहां काम कर रहे एक जेसीबी मशीन चालक ने शव को पेड़ पर लटकता देख पुलिस को जानकारी दी। वहीं उसी समय उसके ही गांव का एक युवक वहां से निकला, तो उसने रुककर उसे देखा तो पहचान लिया और उसके परिवारजनों को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई मानकलाल ने बताया कि उसके भाई शिवलाल का एक बेटा और एक बेटी है, जबकि वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसने आरोप लगाते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की रात को दो व्यक्ति उसे अपने साथ लिवा ले गए थे, तो उसके भाई से दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। तभी से उसका भाई गायब था और अब उसका शव सैदपुर फार्म तिराहा के पास फांसी के फंदे पर लटका मिला है। उसे संदेह है कि उसके भाई की मौत उन्हीं लोगों की वजह से हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।