ललितपुर। पुराने कुएं में एक युवक का शव उतराता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
महरौनी के वार्ड चार के लुहरयाना में एक पुराने कुएं से सोमवार की सुबह मोहल्लेवासियों को दुर्गंध आई। कुएं में झांककर देखा तो उसमें एक युवक का शव उतरा रहा था। वहां पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। आसपास मौजूद लोगों से मृतक युवक की शिनाख्त कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक की उम्र करीब 40 वर्ष है और वह काली टी-शर्ट, काली जींस और काले रंग के जूते पहने है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महरौनी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत का सही कारण पता चलेगा। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।