ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम उदयपुरा में मंगलवार की सुबह मवेशियों के मकान में एक युवक का शव दीवार के सहारे खूंटी पर फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है।
ग्राम उदयुपरा निवासी बृजेशराम की मां प्रेमाबाई मंगलवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे रोज की तरह जब अपने दूसरे मकान पर जानवरों के लिए भूसा व चारा डालने के लिए गईं तो वहां दालान में खूंटी पर रस्सी के सहारे एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकते देखा। इस पर वह चिल्लाते हुए घर से बाहर भागी। उसने परिजनों व ग्रामीणों को शव लटके होने की जानकारी दी। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो मृतक मजदूर जैसा लग रहा था। बृजेश राम ने फोन से बानपुर थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।