ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी एक युवक का शव मालगोदाम के आगे रेल पटरियों पर क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला तालाबपुरा, सुधासागर स्कूल के पीछे निवासी अमित सिंह सोलंकी (35) पुत्र भरत सिंह सोलंकी बुधवार को अपनी ससुराल थाना जखौरा के ग्राम मैनवारा गया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को सुबह उसका शव देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के पास नई मालगोदाम के आगे अप रेललाइन पर पड़ा क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना स्थल का निरीक्षण किया व शव के दोनों कलाई पर उसके घर का पता और मोबाइल नंबर लिखा था। इसके साथ ही उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा है कि वह स्वेच्छा से मर रहा है। कोतवाली पुलिस ने मृतक के हाथ पर लिखे मोबाइल नंबर डायल कर संपर्क किया और मृतक के पिता भरत सिंह सोलंकी ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त अपने बेटे के रूप में की। मृतक की कोई संतान नहीं है और उसकी एक बहन है। फिलहाल युवक ने आत्महत्या किन कारणों से की इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।
युवक का शव रेल पटरियों पर मिला है। यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें उसने अपनी स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।