मड़ावरा (ललितपुर)। थाना गिरार के अंतर्गत ग्राम खुटगुुवां में एक युवक ने महुआ के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। थाना गिरार पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना गिरार के ग्राम खुटगुवां निवासी विनोद अरिहवार (19) मंगलवार की सुबह अपनी चचेरी भाभी को छोड़ने उसके मायके ग्राम चढ़रा गया था। उसके पिता इमरत उसकी मां के उपचार के लिए ललितपुर गए थे। मंगलवार की शाम को पांच बजे उसके माता-पिता उपचार कराने के बाद गांव लौट आए। विनोद भी शाम छह बजे तक घर पहुंच गया। इसके बाद रात करीब आठ बजे वह बिना बताए घर से कहीं चला गया। उसने खाना भी नहीं खाया। उसके माता-पिता ने समझा कि वह पड़ोस में टीवी देखने गया होगा, जब उसे काफी देर हो गई और वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे पड़ोस में जाकर भी देखा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।
बुधवार की सुबह करीब छह बजे जब विनोद के पिता इमरत गांव के बाहर गए, तो वहां एक महुआ के पेड़ की डाल पर तौलिया से विनोद का शव लटक रहा था। वह वहां पुत्र के शव को देखकर चीखने चिल्लाने लगे। जानकारी मिलने पर थाना गिरार पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता इमरत ने बताया कि बेटा बिना बताए घर से निकल गया। उसने फांसी किन कारणों ने लगाई, इसका उस कुछ भी पता नहीं है। मृतक दो भाई एक बहन में दूसरे नंबर का था। बहन की शादी हो चुकी है और वह बारहवीं का छात्र था। थानाध्यक्ष गिरार राजेश कुमार ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी है। उसका शव उसके पिता ने देखा, जिसके बाद सूचना मिलने पर मौके पर जाकर शव को उतरवाया और फांसी के फंदे से उतार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।