ललितपुर। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम दरौरा में घर से गायब युवक का शव जामनी नदी के किनारे एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम ददौरा निवासी राहुल (26) पुुत्र गुबंदी शुक्रवार दोपहर में घर से अपनी मोटरसाइकिल लेकर निकल गया और जब देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन शनिवार की सुबह फिर से परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी और घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जामनी नदी के किनारे जंगलों में खोजबीन करते हुए पहुंचे। जहां नदी केे पास जंगल में उसकी मोटरसाइकिल पड़ी मिली। आगे बढ़कर देखा तो कुछ दूरी पर उसका शव पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटक रहा था।
परिजनों ने घटना की सूचना पूराकलां पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई करन सिंह ने बताया कि बीते रोज उसका भाई राहुल डीजल लाने के लिए उससे ढाई हजार रुपये लेकर गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। मृतक का एक पुत्र व एक पुत्री है।