ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौंड़ा में एक वृद्घ के साथ बेरहमी से मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।
ग्राम रौंड़ा निवासी अमर पुत्र काशीराम एवं चऊवा पुत्र गिरधारी ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीते रोज 11 अक्तूबर को शाम साढ़े सात बजे जब वह हनुमत अहिरवार की दुकान से बीड़ी ले रहे थे तभी गांव के ही सोनू पुत्र फूलसिंह यादव, नरेंद्र उर्फ छोटू आए और गालियां देकर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने लगे। उन्होंने राजीनामा करने से मना करने पर लाठी डंडों से मारपीट कर दी। इससे अमर व चऊवा को हाथ पैरों में काफी चोटें आई हैं और दोनों लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। मौके पर गांव व मोहल्ले के अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। सोनू आपराधिक किस्म का व्यक्ति है, इससे पूर्व कई घटनाएं कर चुका है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट, गाली गलौज कर मारपीट व जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पेशाब पिलाने के प्रयास का शिकायती पत्र हो रहा वायरल
ग्राम रौंड़ा निवासी अमर एवं चऊवा पुत्र गिरधारी द्वारा उक्त मारपीट के मामले का एक और शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पीड़ित अमर व चऊवा ने विपक्षियों पर मारपीट के साथ ही आरोप लगाया है कि इनमें से एक आरोपी एक सीसी में पेशाब करके लाया और कहने लगा कि पेशाब पी नहीं तो जान से मार खत्म कर देंगे।
-------------
मामला मारपीट का ही है। पेशाब पिलाने के प्रयास की बात सामने नहीं आई है। उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
संजय कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।
---------
ग्राम रोंड़ा में दबंगों द्वारा ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई है। इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक।