ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर निवासी एक युवक की मालगोदाम के पास ट्रेन से कटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहल्ला नेहरूनगर में नेहरू युवा केंद्र के पास निवासी जितेंद्र उर्फ छोटू (37) पुत्र भगवानदास बरार बुधवार को सुबह पुताई करने के लिए मोहल्ले में गया था। शाम को वह ठेकेदार से पैसे लेकर घर के लिए निकल गया, लेकिन घर नहीं पहुंचा। रात्रि में करीब साढ़े नौ बजे उसका शव देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के आगे मालगोदाम के पास रेल पटरियों पर पड़ा मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि रेलवे फाटक पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को जानकारी दी। मृतक के मंझले भाई अशोक ने बताया कि मृतक की एक डेढ़ वर्ष की पुत्री है और वह चार भाईयों में सबसे छोटा था।