ललितपुर। रबी की फसल की बोआई के साथ ही बारिश हो गई। ऐसे में किसान कुछ दिनों बाद खेतों में खाद डालना शुरू कर देंगे। इसके चलते, किसान अब खाद लेने के लिए दुकानों और समितियों पर जा रहे हैं। सोमवार को ननौरा समिति पर किसानों की भीड़ बढ़ने से पुलिस को बुलानी पड़ी।
जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ननौरा समिति पर खाद लेने के लिए किसान बड़ी संख्या में पहुंच गए। शुरुआत में तो यहां खाद का वितरण आसानी से होता रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक से सैकड़ों किसान समिति पर खाद के लिए पहुंच गए। यह देख सचिव ने जखौरा पुलिस को सूचना दी लेकिन जब अव्यवस्था फैलने की आशंका हुई तो इसकी जानकारी एआर कोऑपरेटिव को दी गई। इस पर उन्होंने जिलाधिकारी को इसकी जानकारी दी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जखौरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसानों को व्यवस्थित रूप से खाद का वितरण कराया।