कुछ लोग नलकूप व मोटर से फसल में दे रहे पानी, किसान परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर/कारीटोरन। करीब दो हफ्ते से बारिश न होने से खेतों में फसलें फिर से सूखने लगी हैं। स्थिति ये है कि कुछ किसान आसपास के गड्ढों में भरे पानी से फसल को मोटर चलाकर सींच रहे तो कुछ लोग नलकूप से फसल की सिंचाई करने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि बारिश न होने से उड़द, मूंगफली, मूंग और मक्का की फसल सूख रही है। यदि बारिश न हुई तो किसान को फिर फसल का नुकसान उठाना पड़ेगा।
ब्लॉक बार के अंतर्गत ग्राम कारीटोरन, खजरा के किसान ने कई दिनों से बारिश न होने के कारण परेशान हैं। उनका कहना है कि फसल को बचाने के लिए खेतों में पंप सेट और मोटर से पानी देना पड़ रहा है। उनका कहना है कि फसल में फूल आ चुका है अगर समय से पानी नहीं मिला तब तो फूल भी सूख जाएगी।
जिस फसल में फलियां आ गई हैं, उसका दाना बड़ा नहीं होगा और फलियां चिपक जाएंगी। किसानों ने कहा कि तेज धूप में फसल मुरझा रही है। अगर एक दो दिन में बारिश नहीं हुई तो क्षेत्र की फसल सूख जाएगी।
बारिश न होने के कारण फसल सूख रही है, यदि यही हाल रहा तो काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।-हरीराम विश्वकर्मा, किसान
दिन में तेज धूप होने से फसल जमीन की ओर झुक जाती है। मोटर चलाकर फसल को पानी देना पड़ रहा है।-लक्ष्मण अहिरवार
करीब 15 दिनों से बारिश न होने के कारण फसलें सूख रही हैं। नलकूप से खेत में फसल को पानी दे रहे जो महंगा पड़ रहा।-नीरज प्रजापति
भाकिसं ने नहरों से पानी दिलवाए जाने की मांग की
ललितपुर। भारतीय किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष केहर सिंह बुंदेला ने किसान दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी को ज्ञापन देकर कहा कि लंबे समय से जनपद में वर्षा अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो रही है, जिससे अधिकांश किसानों की फसलें सूख रहीं हैं। मूंगफली में पानी की अधिक जरूरत है, इसलिए फसलों की सिंचाई के लिए नहरें खुलवाकर पानी उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान महामंत्री हरपाल सिंह प्रजापति, जिला मंत्री सोहन लाल विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद