शनिवार को थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम अजनौरा और ऊमरी वुटी में आग लगने से तीस एकड़ में बोई गेहूं की फसल जल गई। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पहुंचकर आग को बुझाया। इसके अलावा करीब साठ एकड़ में गेहूं के भूसे के 11 ढेरों में आग लग से भूसा भी जल गया। एक मकान जल गया और कई पेड़ भी झुलस गए।
शनिवार को दिन में साढ़े बारह बजे ग्राम अजनौरा निवासी किसान रामचरन कुशवाहा के खेत में आग लग गई। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले तेज हवा से आग की लपटें तेज हो गईं। खेतों पर काम कर रहे मजदूरों ने आवाज लगाई और आसपास वालों को बुलाया, लेकिन, तब तक आग फैल गई। आग बुझती न देख थाना बानपुर पुलिस को सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड को बुलवाया गया। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती, तब तक रामचरन कुशवाहा, मिट्ठू, राजधर, चिप्पू, जाहर सिंह, सूर्य प्रताप, पुण्य प्रताप, घनश्याम ऊमरी, झुल्ली, दुरजू, गिल्ले, नत्थू यादव, कन्छेदी, ढुल्लू, हुकुम कैलाश, पार सिंह, मुकेश, सुरेंद्र यादव, नन्हें भैया, ललनजू और बालकिशन अहिरवार के खेतों में खड़ी और कटी फसल जल गई।
ललितपुर और महरौनी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काफी हद तक स्थिति नियंत्रण में की, अन्यथा और किसानों की फसल आग की भेंट चढ़ जाती। आग लगने से किसानों की साल भर की मेहनत और गाड़ी कमाई सब कुछ चली गई। किसानों ने मुआवजा दिलवाने की मांग की है।