ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान के निर्देशन पर नगर में रह रहे बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए कोतवाली प्रभारी अजय पाल सिंह ने फर्दवा अभियान शुरू किया है। इसके तहत नगर क्षेत्र में निवास करने बाहरियों रहवासियों का सत्यापन किया जाएगा। इन लोगों से मिली जानकारी को उनके मूल निवास के थाने व पुलिस चौकी से सत्यापित कराई जाएगी।
इस अभियान का मकसद ऐसे लोगों को चिन्हित करना है, जो कि किराए के मकान या खुद का मकान बनाकर नगर में रहने लगे हैँ और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। कोतवाली प्रभारी अजय पाल सिंह ने समस्त चौकी इंचार्ज की मीटिंग बुलाकर कडे़ निर्देश देते हुए उन्हें फर्दवा अभियान के तहत नगर में रह रहे बाहरी लोगों का सत्यापन करने की बात कहीं। इस अभियान के दौरान सभी चौकी इंचार्ज अपने क्षेत्रों में रह रहे बाहरी लोगों के बारे में रोज 10 फर्दवा तैयार कर कोतवाली प्रभारी को अवगत कराएंगे।
इस सत्यापन प्रक्रिया से नगर क्षेत्र में हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रयास किया जा रहा है, जिससे बाहरी लोगों के चरित्र के बारे में जानकारी हो सके। बाहरी लोगों के चरित्र के बारे में गलत जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी द्वारा फर्द व अभियान में नगर में रह रहे लोगों से सहयोग करने की अपील की।
मीटिंग के दौरान एसएसआई निगवेंद्र प्रताप, नईबस्ती चौकी इंचार्ज राकेश कुमार, सिविल लाइन चौकी इंचार्ज दिनेश परिहार, नेहरूनगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार, सदर चौकी इंचार्ज अफजल खां, महिला एसआई अवध राजपूत मौजूद रहे।