महिला व युवक की हत्या के मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया। दोनों ही हत्याओं में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुहल्ला गांधीनगर में कुल्हाड़ियों से प्रहार कर युवक की हत्या में साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र की मां अभी भी फरार चल रही है।
घटना- एक
मुहल्ला गांधी नगर में देर रात घर में सो रहे अमित साहू उर्फ सोनू साहू पुत्र परशुराम को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया गया था। इसमें पुष्पेंद्र, देवेंद्र, संटू व अरविंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर संटू व अरविंद को हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर जेल भेज दिया था। जबकि, पुष्पेंद्र व देवेंद्र फरार हो गए थे। बाद में दोनों ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था। कोतवाली प्रभारी अजय पाल ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से मंगलवार को आरोपियों को 24 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर देवगढ़ रोड़ के पास स्थित नए माल गोदाम के पास से झाड़ियों से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर ली। वहीं, आरोपी देवेंद्र के तीनों भाइयों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस अब पुष्पेंद्र की मां सीता की तलाश कर रही है।
घटना- दो
कोतवाली के ग्राम जामुनधाना खुर्द में महिला की परिवार के साथ सोते समय सिर में प्रहार कर हत्या के मामले में हत्यारोपी को पुलिस ने आठ घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया भूरी पत्नी हरीराम लोधी से उसकी दोनों पुत्रियां परेशान थी। इस पर उसने पुत्रियों के साथ मिलकर भूरी की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर भार सिंह व उसकी दोनों पुत्रियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस की दबिश से आरोपी ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था। पुलिस ने भार सिंह की निशान देही पर गांव के पास खेतों से कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है।