तालबेहट (ललितपुर)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिगारी में एक स्थान पर लाखों रुपये का सोना मिलने की खबर पर सोमवार को पूरा प्रशासन चकरघिन्नी बना रहा। डीएम और एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तविकता जानने के निर्देश दिए।
सोमवार को दोपहर में किसी ने फोन कर डीएम डा. रूपेश कुमार और एसपी मो. इमरान को बताया कि ग्राम बिगारी में एक युवक को खेत पर लाखों रुपये की कीमत का सोना मिला है। इसके बाद डीएम ने उपजिलाधिकारी रत्नाकर मिश्र को मौके पर जाकर वास्तविकता जानने के निर्देश दिए। इसके बाद उपजिलाधिकारी, तहसीलदार प्रीति जैन, नायब तहसीलदार सुबोध मणि शर्मा, मीडिया कर्मी मौके पर गए। खेत स्वामी जयराम पुत्र भुन्ने अहिरवार एवं उसकी पत्नी ने बताया कि वह रविवार को अपने खेत में लगे अर्रा के पेड़ को काट रही थी। उसी समय उसे एक थैला में धातु के गुरिया मिलें। इसके बारे में उसने ग्रामीणों को बताया। कुछ देर बाद उसे कोतवाली पुलिस ले गई, जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने कोतवाली जाकर मामले की पूरी जानकारी ली। जानकारी लेने पर पता चला कि वहां सोना नहीं बल्कि पीतल मिला था ।
चोरी का माल खपाने वाली की करतूत तो नहीं
तालबेहट (ललितपुर)। खेत में एक थैले में काफी पुराना सामान मिलने पर लोगों के मन में इस बात की शंका जन्म ले रही है कि कहीं चोरी का माल खपाने वाले किसी स्थानीय व्यक्ति की करतूत तो नहीं है, जिसने सोना लेकर सामग्री खरीदी हो और बाद में उसने इसे फेंक दिया हो।