थाना नाराहट के ग्राम कलौथरा में शुक्रवार देर एक ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबकर ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मड़ावरा के ग्राम बम्हौरी कंला निवासी मन्नू पुत्र बसंते राजपूत (32) विगत शुक्रवार की रात अपनी तीन वर्षीय पुत्र और गांव के ही साथी कमल सिंह पुत्र बाबू के साथ ट्रैक्टर चलाकर ग्राम सतौरा रिश्तेदारी में जा रहा था।
इसी बीच रास्ते में ग्राम कलौथरा के पास ट्रैक्टर का अगला पहिया निकल गया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से मन्नू ट्रैक्टर से गिर गया और पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार उसका तीन वर्षीय मासूम बेटा व साथी कमल सिंह सलामत हैं। कमल सिंह ने बताया कि बच्चे को लेकर वह आसपास के लोगों से सारी रात मदद मांगता रहा पर किसी ने उसकी मदद नहीं की है।
उसने सारी रात उस मासूम के साथ घटना स्थल पर ही गुजारी। सुबह राहगीरों ने उसकी मदद की और गांव में सूचना पहुंचाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाईयों में बड़ा था और खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था।