शुक्रवार को कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने दो शातिर अंतर्जनपदीय चोर गिरफ्तार किए हैं। इनसे अलग-अलग जनपदों से चुराई गई छह बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस अब दोनों का पुराना रिकार्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि स्वॉट टीम प्रभारी अनवर अहमद एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मनोज कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी जानकारी मिली के दो व्यक्ति चोरी की बाइक की खरीद-फरोख्त के इरादे से झांसी-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग से पनारी की ओर जाने वाले मार्ग पर बाइक समेत खड़े हैं। पुलिस ने दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम थाना कोतवाली के ग्राम मऊमाफी निवासी निहाल सिंह एवं दूसरे में अपना नाम नेहरू नगर निवासी आकाश बताया। जब बाइक के पंजीकरण व अन्य कागजात मांगे तो वह सही जवाब नहीं दे सके।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की बाइक बेचने के लिए खड़े हैं। चोरी की बाइक पास में ही झाड़ियों में छिपाकर रखी गई हैं। आरोपियों के बताए स्थान से पुलिस ने छह बाइक बरामद कीं। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस व स्वॉट टीम को इस सफलता की कामयाबी पर दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता एवं क्षेत्राधिकारी सदर/अपराध राजा सिंह मौजूद रहे।
यह बाइक हुईं बरामद
पुलिस ने छह बाइक पैशन प्रो (एमपी04- एमएन-5037), (यूपी 94 आर-3642), सुजुकी हयाते (चेचिस नंबर एमपी 08- एनई44 एईएच101445) टीवीएस चेचिस नंबर एमडी 625एमएफ 51 ए3जी 79339, राजदूत की चेचिस नंबर 1293518 एफ 9 एवं टीवीएस स्पोर्ट्स चेचिस नंबर-एमडी 625एमफ54सी3एन64136 बाइक बरामद की हैं।