विवाहिता के साथ मारपीट, मुकदमा दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विरारी गांव में विवाहिता के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विरारी गांव निवासी महिला राधा रजक पत्नी मौन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन प्रताड़ित करते हुए मारपीट करते चले आ रहे हैं। पांच अगस्त को पति मौन सिंह, जेठ राजेश, ससुर दयाराम, सास माया, जेठानी जशोदा, जेठ केशवपाल और जेठानी पार्वती ने मारपीट कर फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो- 15
कार की टक्कर से दो बच्चे घायल
ललितपुर। शहर कोतवाली के कुआंतला गांव में अनियंत्रित कार की टक्कर से दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गांव का ही आशीष पुत्र कल्यान उम्र नौ साल और यवेंद्र पुत्र फूल सिंह उम्र आठ साल साइकिल से सड़क पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों तरह घायल हो गए। इसके बाद अनियंत्रित होकर कार पास में हैडपंप में टक्कर मारते हुए सीताराम के घर में घुस गई। इस घटना में कई लोग बाल-बाल बच गए। गांव के लोगों ने बताया कि सोमवार की दोपहर बाद एक बजे सिलगन की ओर से आ रही कार ने गांव के ही दो बच्चों को टक्कर मार दी। इसके बाद हैंडपंप पर पानी भर रही सीताराम की पत्नी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। घटना के बाद कार चालक मौके का फायदा उठाकर भाग गया। जबकि, इसमें सवार एक युवक को गांव वालों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया और पकड़े गए युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
फोटो- 14
चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक चोर पकड़ा
ललितपुर। क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक चोर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो लोग सागर की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर विश्वास करके क्राइम ब्रांच में तैनात श्याम सुंदर सिंह और रविंद्र कटियार समेत पुलिस ने मुखबिर के इशारे पर एक मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठा आरोपी भागने लगा। पीछा करने पर भी उक्त आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका। जबकि मोटरसाइकिल चालक से बाइक के कागज मांगने पर वह नहीं दिखा सका और उसने पूछताछ में बताया कि यह मोटरसाइकिल ग्वालियर के एक विवाह घर से छह अगस्त की रात दस बजे अपने साथी के साथ मिलकर चुराई है। मोटरसाइकिल का असली नंबर एमपी 07 एमपी 1651 है। जबकि आरोपी धोखा देने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट एमडीएम 1051 डाल रखा था। आरोपी ने अपनी पहचान किशनपाल पुत्र रघुवीर सिंह लोधी किसलवार गांव थाना जखौरा बताई। भागे हुए आरोपी के संबंध में बताया कि वह शहर कोतवाली के रावगढ़ मजरा अंतर्गत गुरसौरा गांव निवासी अनुज कुमार राजपूत पुत्र वीर सिंह है। पुलिस ने बताया कि बरामद हुई मोटरसाइकिल ग्वालियर के गौरी शंकर की है जिसका मुकदमा ग्वालियर किला थाने में पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।