कोटेदार पर लगाया घटतौली का आरोप
ललितपुर। शहर क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती मुहल्ला निवासी महिला ने डीएम को शिकायतीपत्र सौंपकर कोटेदार पर घटतौली और अतिरिक्त रुपयों की मांग करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। नईबस्ती मुहल्ला निवासी जसोदा ने जिलाधिकारी को सौंपे शिकायतीपत्र में बताया कि वह किसी प्रकार मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करती है। मंगलवार को जब वह कोटेदार की नईबस्ती स्थित दुकान पर गई, तो वह वहां पर नहीं थे और जबकि उनका पुत्र राशन की सामग्री बांट रहा था। जब महिला ने उससे खाद्यान्न सामग्री ली, तो प्रत्येक माह के भांति चावल, गेहूं की सरकारी खुदरा मूल्य से अधिक लिये गये। साथ ही कम सामान भी तौला। और कहा गया कि विभाग को देना पड़ता है इसलिए अतिरिक्त पैसा लिया जा रहा है। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो कोटेदार ने उसे धमकी दे डाली। महिला ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और वर्तमान कोटेदार के स्थान पर नए कोटेदार को नियुक्त करने की मांग की।