वन विभाग की टीम लौटी खाली हाथ, नहीं पकड़ में आए शिकारी
डोगरा खुर्द (ललितपुर)। सोमवार को वन क्षेत्राधिकारी गौना के नेतृत्व में गठित टीम ने जामनी बांध, सजनाम बांध सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन शिकारी हाथ नहीं लग सके। कमोवेश यही स्थिति में ललितपुर रेंज में है।
जिले के विभिन्न बांधों के आसपास बड़े पैमाने पर पक्षियों का आखेट हो रहा है। शिकारी खुलेआम पक्षियों का शिकार कर उन्हें मनमाने दामों पर बेच रहे हैं। इसके बाद भी वन विभाग की टीमें शिकारियों की गर्दन तक नहीं पहुंच पा रही हैं। सात जनवरी को अमर उजाला के अंक में पृष्ठ संख्या तीन पर मेहमानों को सुरक्षा देने में वन विभाग नाकाम शीर्षक से समाचार का प्रमुखता से प्रकाशन किया गया। जिसे डीएफओ ने संज्ञान में लेकर गठित टीमों से जिले में शिकारियों की धर पकड़ करने के निर्देश दिए। जिस पर गौना रेंजर आरके शाही ने साथियों के साथ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों, ढाबों पर छापेमारी की गई। वन कर्मियों ने दुकान मालिकों को हिदायत दी कि विदेशी पक्षी अगर पाएं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उधर, ललितपुर वन रेंज कर्मियों को भी सफलता नहीं मिल पा रही है। अब तक तालबेहट रेंजर ही शिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर पाए हैं। बता दें कि प्रवासी पक्षी हजारों की संख्या में विभिन्न जलाशयों पर डेरा डाले हुए हैं। प्रात: काल पक्षियों का कलरव शुरू हो जाता है, उसी दौरान सैकड़ों शिकारी शिकार के लिए सक्रिय हो जाते हैं। शिकारी पक्षियों का शिकार करके उन्हें गांव-गांव में बेच रहे हैं। अब इन शिकारियों पर वन विभाग ने अपनी निगाहें जमाना आरंभ कर दिया है।