अवैध निर्माण कराने पर दो लोगों को नोटिस
ललितपुर। शहर की कस्साब मंडी में रहने वाले दो लोगों को अवैध निर्माण के मामले में नोटिस जारी किया गया है। ईओ द्वारा दिए नोटिस में कहा गया कि नजूल आराजी पर फ्रीहोल्ड कराया गया था, लेकिन निर्धारित रकवा से ज्यादा पर मकान का निर्माण कराया गया है, जो अवैध निर्माण की श्रेणी में है। यह नोटिस कस्साब मंडी में चर्चा का विषय बन गया है। शहर में नजूल भूमि पर अतिक्रमण कोई नई बात नहीं है। मुख्य सड़क से लेकर गली मुहल्लों में नजूल भूमि पर प्रभावशाली लोगों ने कब्जा कर रखा है। जिसका नगर पालिका परिषद अब तक चिह्नींकरण नहीं करा सकी है। इस वजह से नजूल भूमि पर अतिक्रमण और कब्जा आम बात हो गई है। जब कभी शिकायतकर्ता सामने आता है तो नगर पालिका परिषद हरकत में आ जाती है। इस मामले में भी यही हुआ। मुस्लिम सभा के नेता अब्दुल नासिर मंसूरी ने नजूल भूमि पर मकान बनाने की शिकायत आईजीआरएस पर की तो पालिका के ईओ अवनींद्र कुमार ने इसकी सुध लेते हुए कस्साब मंडी निवासी बाबू बदरुद्दीन व अब्दुल रहमान को नोटिस जारी कर दिया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि आराजी संख्या 3750 के अंश भाग को फ्रीहोल्ड कराया गया है। इस पर निर्माण कराने के लिए अनापत्ति प्राप्त की गई थी, लेकिन इससे अधिक जमीन पर मकान का निर्माण किया गया है, जो अवैध निर्माण की श्रेेणी में है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन के अंदर स्वयं अवैध निर्माण को हटा लें। वरना, नगर पालिका द्वारा इसे हटा दिया जाएगा। इस नोटिस के जारी होते ही कस्साब मंडी में खलबली मच गई है। इनमें से एक उर्स कमेटी के पदाधिकारी बताए जाते हैं।