लकड़ी के अवैध भंडारण में दो आरा मशीनों पर कार्रवाई
ललितपुर। शहर में आरा मशीनों पर अवैध भंडारण होने की सूचना पर छापेमारी की गई, इसमें दो आरा मशीनों पर अवैध रुप से आम और नीम की लकड़ी का भंडारण मिलने पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा की कार्रवाई की गई है। वन विभाग के उड़ाका दल की इस कार्रवाई से आरा मशीन संचालकों में हड़कंप है।
वन विभाग द्वारा समय-समय पर लकड़ी विक्रेताओं के खिलाफ अवैध रुप से भंडारण या बिक्री करने पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती है। सोमवार को वन विभाग के उड़ाका दल को शहर में स्थित दो आरा मशीनों पर अवैध रुप से कीमती लकड़ी का अवैध भंडारण रखे होने की जानकारी मिली। इस पर उड़ाका दल के प्रभारी अनूप श्रीवास्तव के नेतृत्व में हृदेश चंद्र श्रीवास्तव की टीम द्वारा सबसे पहले बयाना नाला स्थित राकेश कुशवाहा पुत्र गुलजारी की आरामशीन पर उड़ाका दल ने छापा मारा, जिसमें टीम को दो ट्रॉली आम की गीली लकड़ी मिली। वहीं, राजघाट रोड स्थित ग्या प्रसाद विश्वकर्मा की आरामशीन पर भी टीम ने छापा मारा, जहां से नीम की गीली लकड़ी का भंडारण मिला। इस पर उड़का दल द्वारा दोनों आरा मशीन संचालकों पर वन अधिनियम की धारा 4/10 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।