ट्रैक्टर से गिरकर किसान की मौत
ललितपुर। बानपुर थानांतर्गत बिल्ला गांव निवासी किसान की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिल्ला गांव निवासी विशाल (35) पुत्र मुन्ने लोधी सोमवार की सुबह आठ बजे गांव के ही ट्रैक्टर में बैठकर अनाज बेचने आया था। रात नौ बजे वापस घर लौटते समय पनारी गांव के पास ट्रैक्टर की बोनट पर बैठे होने के कारण विशाल अनियंत्रित होकर गिर गया। ट्राली का पहिया विशाल के ऊपर चढ़ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था और उसका एक पुत्र और एक पुत्री है। मृतक खेती-किसानी कर परिवार का पालन पोषण करता था।