भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कराने की मांग
ललितपुर। ब्लॉक प्रमुख जखौरा कैलाश यादव ने मुख्यमंत्री को एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि विकास खंड जखौरा के क्षेत्र पंचायत की बैठक 18 दिसंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा जनप्रतिनिधि और सरकारी अधिकारियों पर मनरेगा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर जांच की मांग की जा रही है। इसके बाद जखौरा के एक अधिकारी द्वारा क्षेत्र पंचायत सदस्यों से सदन के भीतर ही अनुचित व्यवहार किया गया। इससे सदस्यों द्वारा बैठक का बहिष्कार कर दिया था। इसी वजह से मनरेगा लेबर बजट सहित अनेक प्रस्ताव पारित नहीं हो सके हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत की बैठकों में क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बुलाए जाने के लिए ग्राम प्रधान व सचिवों को आदेशित किए जाने और मनरेगा में भ्रष्टाचार एवं सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन न किए जाने के विरुद्घ जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
फर्जी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मुहल्ला नदीपुरा निवासी शिवकुमार त्यागी पुत्र बाबूलाल ने सीएमओ को एक प्रार्थना पत्र देकर फर्जी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि वह गत 10 दिसंबर को ग्राम गौरसौरा गया था, जहां उसके पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। जिस पर उसने वहीं पास में ही स्थिति डॉ. जितेंद्र जो उसी गांव में रहता है, से इलाज कराया। इलाज के दौरान उक्त चिकित्सक ने उसे कुछ दवाइयां दे दी, जिससे उसकी हालत और अधिक खराब हो गई। पता करने पर जानकारी हुई कि उक्त चिकित्सक के बिना डिग्री पास किए हुए गांव में डाक्टरी कर रहा है और उसको मरीजों के इलाज का कोई अनुभव भी नहीं है। इसके चलते वह मरीजों को गलत दवाइयों दे देता है। पीड़ित ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से उक्त फर्जी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शोक सभा
ललितपुर। जिला बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित शोक सभा में अधिवक्ता शराफत अली के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इस दौरान अध्यक्ष नेमि कुमार जैन, महामंत्री हरीकृष्ण शुक्ला, अधिवक्ता राजेंद्र कुमार राजपूत, कृष्ण बिहारी कुशवाहा, हिमांशु हुंडैत, मनीष श्रीवास्तव, दीपक सिंह राजपूत, राजेंद्र तामियां, सुनील देवलिया, पुष्पेंद्र सिंह यादव, पवन कुमार तिवारी, संजीव दीक्षित, चंद्रप्रकाश संज्ञा, आरिफ बेग, वसीम राजा, कृपाल अहिरवार, मुन्नालाल नांगल उपस्थित रहे।