मप्र सीमा पर पकड़ी 2.10 लाख की नकदी
ललितपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर चलने वालों पर नजर रखी जा रही है। बुधवार को थाना मदनपुर क्षेत्र में मध्य प्रदेश के सागर से आ रहे दो लोगों से 2.10 लाख रुपये नकद पकड़कर जब्त कर लिए गए। यह कार्रवाई स्टेटिक सर्विलांस टीम ने की है। झांसी संसदीय सीट पर उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं और 29 अप्रैल को मतदान होना है। प्रत्याशी कहीं वोटरों को नोट न बांटें अथवा पैसों का दुुरुपयोग न करें, इसलिए चुनाव आयोग के निर्देश पर हर प्रकार के वाहनों पर नजर रखी जा रही है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर चेकिंग की जा रही है। बुधवार को स्टेटिक सर्विलांस टीम ने थाना मदनपुर पुलिस के साथ सागर मार्ग पर उप्र व मप्र की सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें मड़ावरा थाना अंतर्गत ग्राम धवा निवासी गिन्नी राजा के पास से एक लाख रुपये और मड़ावरा निवासी अजीत कुमार के पास से 1.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। दोनों लोग पैसों का हिसाब नहीं बता सके। टीम में भरत कुमार वर्मा और एसआई कड़ोरे खां शामिल थे। बता दें कि करीब दस दिन पहले शहर की नई बस्ती चौकी पुलिस ने शहर के तीन व्यापारियों के पास से 32.50 रुपयों रुपयों से भरे बैग पकड़कर ट्रेजरी के सुपुर्द कर दिए थे।