ललितपुर तहसील में स्थानांतरित हुए 23 गांव के अभिलेख
ललितपुर। तहसील पाली के 23 ग्रामों का ललितपुर में पुनर्परिसीमन होने के बाद अब धरातल पर भी काम शुरू हो गया है। इन सभी 12 गांवों के सभी राजस्व कार्य ललितपुर तहसील में शुक्रवार से अस्तित्व में आ गए हैं, यहां तक कि पाली तहसीलदार व एसडीएम न्यायालय में चल रहे उक्त गांवों के वाद भी ललितपुर में शुरू हो गए हैं। डीएम मानवेंद्र सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए अवगत कराते हुए बताया कि तहसील पाली के 23 ग्रामों को तहसील ललितपुर में पुर्नपरिसीमन किया गया है। इस सूची में ग्राम धौर्रा, धौजरी, प्याऊ, बिजौरी, मानिकचैक, भारौन, पिपरई, अमऊखेड़ा, हरदारी, कपासी, बम्हौरी-पठार, मादौन, चीराकोडर, चांदपुर, जहाजपुर, सगौरिया, मैखुवां, दतया, झिलगुवां, रमपुरा, जमुनिया, सैपुरा मुजप्ता एवं चैका ग्राम शामिल हैं। उक्त अधिसूचना के क्रम में डीएम ने निर्देश जारी किये हैं कि अधिसूचना में दिए गए उक्त सभी 23 ग्रामों के समस्त कार्य 21 दिसंबर दिन शुक्रवार से तहसील पाली के स्थान पर तहसील ललितपुर में संपादित किये जाएंगे। अधिसूचित ग्रामों के लेखपाल हल्का क्षेत्रों के भू-अभिलेखों का स्थानांतरण तहसील पाली से तहसील ललितपुर में तत्काल किया जाए। तहसील पाली में स्थित तहसीलदार/उप जिलाधिकारी न्यायालय में अधिसूचित 23 ग्रामों के वादों का स्थानांतरण भी ललितपुर तहसील में स्थित न्यायालय तहसीलदार और उप जिलाधिकारी न्यायालय में किया जाए और इसके जानकारी उक्त ग्रामों के संबंधित वादकारियों को भी अवगत कराया जाए।