घर के बाहर से एक और मासूम का अपहरण
पुराना मासूम अपहरण कांड का भी नहीं हो सका अब तक खुलासा
परिजनों ने दर्ज कराया अपहरण का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। करीब साढ़े तीन माह पूर्व घर से बाहर खेल रहे मासूम के अपहरण में पुलिस को जहां अब तक सफलता नहीं मिल सकी है, वहीं थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम नौहरकलां में भी एक ढाई वर्षीय मासूम के रहस्यमय गायब होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरु कर दी है।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम नौहरकलां निवासी जय झा उर्फ कल्लू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका इकलौता ढाई वर्षीय पुत्र सोम गत बुधवार को जब उसकी मां रजनी एवं चाची विनीता घर में काम कर रही थीं, तभी उसका ढाई वर्षीय पुत्र नग्न अवस्था में घर के आंगन से खेलते-खेलते अचानक घर के बाहर निकल गया। जब दोपहर में रजनीने पुत्र को गायब पाया तो इसकी सूचना अन्य परिजनों को दी और खोजबीन शुरु कर दी। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी मासूम पुत्र को पता नहीं चल सका। ढाई वर्षीय पुत्र के गायब होने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया और सभी खोजबीन में जुट गए, इसके बाद भी परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एक दिन बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने चाचा पप्पू की तहरीर पर मासूम के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और खोजबीन करने में जुटी हुई है। इससे पूर्व करीब साढ़े तीन माह पूर्व गत दो जुलाई को मुहल्ला आजादपुरा में भी घर से बाहर खेल रहा एक मासूम भी रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था, जिसका पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है और अब फिर से ग्राम नौहरकलां में ढाई वर्षीय मासूम के अपहरण से पुलिस प्रशासन सकते में है। इसके चलते पुलिस ने कई जगह छापामारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है।