नशीली चाय पिलाकर दुष्कर्म करने वाला पहुंचा जेल
कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार करने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत एक मुहल्ला निवासी युवती के साथ ढाई साल पहले नशीली चाय पिलाकर बेहोश करने और बलात्कार कर वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है, जबकि सूत्रों की मानें तो आरोपी ने सरेंडर किया है।
गौरतलब हो कि शहर कोतवाली अंतर्गत एक मुहल्ला निवासी युवती ने अपना अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद जहर कर लिया था। परिजनों ने जब उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया तो युवती ने होश में आकर अपनी आपबीती सुनाई। युवती ने बताया कि लगभग ढाई साल पहले वह घंटाघर के पास स्थित एक मोबाइल कंपनी के शोरूम में कार्य करती थी। इसी दौरान शोरूम संचालक ने उसे अपने प्रेम प्रसंग में फंसा लिया। इसी दौरान एक दिन शोरूम में संचालक आशीष जैन ने फायदा उठाकर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और इसके उपरांत बलात्कार करते हुए उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद से आरोपी लगातार उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए बलात्कार करता रहा। इसके उपरांत आरोपी ने उसे अपने दोस्तों को भी परोसने की कोशिश की। इस पर युवती ने इंकार करते हुए उससे रिश्ता खत्म कर लिया। रिश्ता खत्म करने की बात नागवार गुजरने पर आशीष ने शोरूम में काम करने वाले सोनू विश्वकर्मा के साथ मिलकर उसका वीडियो वायरल कर दिया। बदनामी के डर से सोमवार को युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। पुलिस ने युवती के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी थी। जानकारी के अनुसार पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले आरोपी आशीष ने व्यापारियों के साथ मिलकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। वही पुलिस मुख्य आरोपी आशीष जैन को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजने का दावा कर रही है। मुख्य आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।