शहर में अतिक्रमण हटाओ की अभियान की हुई शुरुआत
दुकानदारों ने खुद ही हटा लिए टीनशेड और गुमटियां
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर में नगर पालिका के अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपने टीनशेड हटा लिए तो पालिका कर्मियों ने फुटपाथ पर रखी गुमटियों को हटा दिया। पहला दिन घंटाघर से नझाई बाजार तक सीमित रहा।
पिछले दिनों नगर पालिका परिषद ने तीन दिवसीय अतिक्रमण हटाओ विशेष अभियान की रणनीति बनाई थी। इसके तहत सोमवार को शहर के घंटाघर से नझाई बाजार तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर रखी गुमटियों को हटाया गया। हालांकि, इस दौरान एसडीएम सदर महेश प्रसाद दीक्षित, प्रभारी कोतवाली निरीक्षक, सीओ सदर की गैरमौजूदगी रही। लेकिन कुछ देर चले अभियान के उपरांत सीओ सदर हिमांशु गौरव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अभियान चलाने की बात कही। जिस पर अभियान को नझाई बाजार तक ही सीमित कर दिया गया। अब अभियान ईओ व एसडीएम की मौजूदगी में चलाया जाएगा। प्रभारी अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार अरुण ने बताया कि आज का अभियान घंटाघर से नझाई बाजारतक चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर रखी गुमटियों क ो हटाया गया।
अतिक्रमण के मामले में नहीं दिखा तालमेल
शहर का अतिक्रमण हटाने के मामले में अधिकारियों के मध्य तालमेल नजर नहीं आया। जहां अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार लखनऊ बैठक में शामिल होने के लिए चले गए। वहीं, एसडीएम सदर ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई तो अन्य अधिकारी भी अभियान से दूरियां बनाते दिखे।
ईओ की मौजूदगी में चलेगा अभियान
अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार व एसडीएम सदर महेश प्रसाद दीक्षित की मौजूदगी में चलाया जाएगा। आज के अभियान की तिथि तय थी, जिसके मद्देनजर अतिक्रमण हटाया गया।
अनिल कुमार अरुण, प्रभारी ईओ, नगर पालिका परिषद