183 क्वार्टर देसी और साठ लीटर कच्ची शराब बरामद
तालबेहट। बाराबंकी में जहरीली शराब से हुई दो दर्जन मौतों के बाद नींद से जागे पुलिस प्रशासन ने दो महिलाओं सहित चार लोगों को अवैध शराब में गिरफ्तार किया। इसमें एक युवक के पास से कच्ची शराब के साथ देसी शराब के 183 क्वार्टर और आधा किलोग्राम शराब बनाने का केमिकल बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जनपद में पुलिस ने सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कोतवाली में पदस्थ उपनिरीक्षक साजेश कुमार ने दबिश देकर स्टेशन क्रासिंग के समीप से सेवंती पत्नी प्रमोद निवासी ग्राम बदरेला और बादामबाई पत्नी भागीरथ कबूतरा निवासी ग्राम बगनुवाकलां को 10-10 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। कस्बा प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार ने बररयाना मोहल्ला से राजकुमार पुत्र अशोक को 10 लीटर अवैध शराब सहित पकड़कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इसी तरह, मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक रामचरन वर्मा ने ग्राम सेरवासकलां में आरोपी धर्मेंद्र सिंह के कुआं पर दबिश देकर 30 लीटर कच्ची शराब, 183 क्वार्टर देसी शराब तथा आधा किलोग्राम शराब बनाने का केमिकल पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।