आबकारी निरीक्षक निलंबित
ललितपुर। आबकारी निरीक्षक संजीव कुमार तिवारी को दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतना महंगा पड़ गया है। उप आबकारी आयुक्त के निरीक्षण में गड़बड़ियां उजागर होने पर उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है।
जिले के विभिन्न जगहों पर शराब के शौकीनों के लिए दुकानें खोली गई हैं। इनका आवंटन नीलामी प्रक्रिया से हुआ है। सभी आवंटी को विभागीय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं, आवंटी दुकानों पर शराब की ओवररेटिंग, अपमिश्रण, अवैध शराब की बिक्री और फैक्ट्री पर नजर रखने का दायित्व आबकारी निरीक्षकों को सौंपा गया है। इसके बाद भी कई स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है। उप आबकारी आयुक्त दिलीप कुुमार मणि के नेतृत्व में गठित टीम ने पिछले दिनों जिले की देसी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया था। इस दौरान ओवररेटिंग, अपमिश्रण जैसी अनियमितताओं के साथ देसी शराब की दुकान ग्राम मड़वारी के परिसर में अवैध शराब की फैक्ट्री पाई गई थी। इसे घोर लापरवाही, उदासीनता मानते हुए आबकारी निरीक्षक क्षेत्र (प्रथम) संजीव कुमार तिवारी को इसका प्रथम दृष्टया दोषी माना गया। आबकारी आयुक्त पी गुरु प्रसाद ने आबकारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया, साथ ही उन्हें कार्यालय आबकारी आयुक्त प्रयागराज से संबद्ध कर दिया है। उधर, जिला आबकारी अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर के निरीक्षण में वह भी साथ थे। इस दौरान अवैध शराब पाई गई थी, जिस पर आबकारी निरीक्षक को निलंबित किया गया है।