युवती की आग से जलकर मौत
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन में बस स्टैंड के पास एक युवती ने अज्ञात कारणों के चलते आग लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे बस स्टैंड के पास निवासी फरहीन (22) पुत्री जलील बख्स ने अपने ही घर की छत पर बने छप्पर में जाकर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा ली। छप्पर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने छप्पर में आग लगे होने की आशंका पर अपनी छतों से आग बुझाने के लिए पानी फेंकना शुरू कर दिया और नीचे कमरे में परिजनों को छत पर आग लगे होने की सूचना दी। इस पर परिजनों ने जाकर देखा तो फरहीन आग की लपटों से घिरी हुई थी और तड़प रही थी। देखते ही देखते युवती परिजनों की आंखों के सामने जमीन पर गिर गई और दम तोड़ दिया। पड़ोसियों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। कुछ देर बाद सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और आग लगने के कारणों की तहकीकात की, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिविल लाइन चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि फरहीन की आग से जलकर मौत हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।