सफाईकर्मी ने फांसी लगाकर दी जान
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला झांसीपुरा में एक युवक ने अपने भाई की छत पर टिनशेड के नीचे बल्ली के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला झांसीपुरा डॉ. अंबेडकर पार्क के पास निवासी बलवीर (42) पुत्र हरीराम बुधवार को रात में घर में अपने कमरे में सोने के लिए चला गया, लेकिन रात में ही उसने खुद के मकान के बगल में रह रहे भाई की छत पर जाकर वहां टिनशेड की बल्ली के सहारे तौलिया से फांसी लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे रोजाना की तरह छत पर पहुंची मां ने देखा कि पुत्र फांसी के फंदे पर लटक रहा, इस पर वह जोर से चिल्लाने लगी। मां की आवाज सुन उसकी अन्य परिजन छत पर भागे और वहां का नजारा देखने के लिए बाद कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई चंद्रभान ने बताया कि बलवीर का विवाद मोहल्ले में रहने वाली एक महिला से हुआ था, जिस पर महिला ने भाई की शिकायत पुलिस में की थी। आशंका है कि इसी वजह से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। मृतक सफाई कर्मचारी था।