जहरीले कीड़ा के काटने से किसान की मौत
ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम बैरबारा में जहरीले कीड़ा के काटने से खेत में काम कर रहे एक किसान की मौत हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल इलाज को ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया। सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम बैरवारा निवासी केशवदास विदुआ (38) पुत्र गोपीलाल गांव में ही अपने खेत पर ट्रैक्टर चला रहे थे। अचानक उन्होंने ट्रैक्टर रोका और गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण व परिजनों ने तत्काल ट्रैक्टर के पास जाकर देखा तो केशवदास बेहोशी हालत में जमीन पर पड़े थे। जानकारी मिलने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई राजाराम विदुआ ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके भाई के शरीर का कुछ हिस्सा नीला पड़ गया था। इस मामले में चिकित्सकों ने मौके पर केशव की मौत होने पर मेमो थाना कोतवाली में भेज दिया, जिस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।