चिकित्सकों को सुरक्षा दिलाई जाए
ललितपुर। प्राइवेट चिकित्सक संघ ने 24 घंटे काम बंद हड़ताल पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को सौंपा। मांग की गई कि बीते दिनों पश्चिम बंगाल में भीड़ द्वारा चिकित्सक की मारपीट से मौत के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में चिकित्सकों ने बताया कि पश्चिम बंगाल में चिकित्सक की भीड़ ने मारपीट कर हत्या कर दी, जिससे चिकित्सक संघ में भारी रोष व्याप्त है। चिकित्सक संघ सोमवार को सुबह छह बजे से मंगलवार को सुबह सात बजे तक काम बंद हड़ताल कर रहे हैं। मांगों में बताया कि हमले के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। चिकित्सकों के खिलाफ हो रहे हमलों के लिए कड़े कानून बनाए जाएं। संघ के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जैन ने कहा कि चिकित्सक हमेशा ही मरीज को स्वास्थ्य करने का प्रयास करता है। लेकिन कभी-कभी मरीज की मौत हो जाती है। इसमें चिकित्सक की कोई कमी नहीं होती है। चिकित्सक हमेशा ही मरीज को बचाने का प्रयास करता है। आकस्मिक दुर्घटनाओं पर लोगों को इस तरह के कार्य नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इस दौरान डॉ. आरपी श्रीवास्तव, डॉ. एनके जैन, डॉ. आर के अग्रवाल, डॉ. राजीव जैन, डॉ. अनुराग चौधरी, डॉ. नीतेश साहू, डॉ. राजीव जैन मौजूद रहे।