लटका मिला युवक का शव
ललितपुर।
पांच दिन पहले लापता हुए युवक का शव नाराहट थानांतर्गत जंगल में पेड़ पर लटका मिला है। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है।
नाराहट थानांतर्गत गुढ़ा बुजुर्ग गांव निवासी संदीप (18) पुत्र गोपाल सिंह 30 मई से लापता हो गया था। इसके बाद परिजनों ने एक जून को थाने में सूचना दी।
मंगलवार को जंगल में लकड़ियां बीनने गए लोगों ने शव को फांसी पर लटकते देखा। इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया। मृतक के दादा जगदीश सिंह ने बताया कि संदीप 22 मई को मप्र स्थित माल्थौन थानांतर्गत डबडेरा गांव अपनी मौसी के यहां गया था। वहां से 30 मई को लौटकर आया। उसी दिन दोपहर एक बजे गांव वालों ने गौना तिराहे पर देखा भी था। लेकिन घर वापस नहीं आया। रिश्तेदारों के यहां भी पता किया। इसके बाद एक जून को पुलिस को सूचना दी। जगदीश ने बताया कि 30 मई को संदीप ने अपने पिता को फोन भी किया था। लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद से लगातार फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि शव तीन दिन पुराना है। इससे लगता है कि उसका अपहरण कर दो दिन बाद हत्या कर दी गई है।