सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी पर सपा नेताओं पर मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
बांसी (ललितपुर)। सोशल मीडिया पर षड़यंत्र पूर्वक मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट करने वाले सपा नेता के विरुद्ध भाजपा नेता ने मामला दर्ज कराया। एसपी ने मामले की विवेचना तालबेहट कोतवाल को सौंपी है।
कस्बा बांसी निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष हुकुम चन्द्र जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि ग्राम बांसी से संचालित व्हाट्एप ग्रुप बांसी ब्रदर्स -2 पर 15 जून की शाम बांसी निवासी दीपक कुमार दुबे उर्फ नीलू द्वारा मुस्लिम धर्म के विरुद्ध अमर्यादित पोस्ट कर दी। इससे मुस्लिम समाज के लोग आक्रोशित हैं। पोस्ट करने के 18 घंटे बाद भी पोस्टकर्ता ने अपनी गलती नहीं सुधारी गई। वहीं, ह्वाट़सएप ग्रुप के एडमिन सपा नेता लीलाधर दुबे उर्फ कुल्लू एवं भारत भूषण दुबे उर्फ राजा द्वारा पोस्ट पढ़ने के बावजूद पोस्ट करने वाले को ग्रुप से नहीं हटाया गया न ही पोस्टकर्ता को गलती सुधारने को लिखा गया। इस प्रार्थना पत्र पर पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए आदेशानुसार थाना जखौरा में पोस्टकर्ता एवं दोनों ग्रुप एडमिन पर धारा 295 ए, 120 बी एवं आईटी एक्ट 66 ए के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है एवं विवेचना कोतवाल तालबेहट को सौंपी गई है।
- मुस्लिम समाज के खिलाफ की पोस्ट, भाजपा नेता ने दर्ज कराया मामला