ललितपुर। अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प अपराजिता 100 मिलियन स्माइल के तहत मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को बताया कि अपराध से डरें नहीं बल्कि मुकाबला करें। आपकी चुप्पी ही अपराधियों को अपराध करने का हौसला प्रदान करती है। कुछ गलत होने की संभावना पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस की ओर से तत्काल हरसंभव मदद मिलेगी। इसके साथ ही अधिकारियों ने यातायात, साइबर क्राइम और महिला हेल्पलाइन के संबंध में जानकारी दी।
सोमवार को अमर उजाला के ‘अपराजिता’ अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला लगाई गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता ने कहा कि बेटियां बहादुर हैं। पुलिस हर वक्त उनके साथ खड़ी है। बस सूचना देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित 181 डायल कर मदद ले सकते हैं। बहादुर बेटियां अगर घूर भर दें तो किसी की हिम्मत नहीं जो उनके पास फटक सके। अगर कहीं दिक्कत आती है तो तुरंत 1090 मिलाने की आवश्यकता है। समस्या के निस्तारण तक मॉनीटरिंग की जाती है।
सीओ सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि महिलाओं को घूरना भी अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए कहीं भी अनहोनी की संभावना होते ही पुलिस की मदद लें। पुलिस आपकी मदद के लिए सदैव तत्पर है। घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए कानून बनाया गया है और कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न रोकने के लिए भी कानून बनाया गया है। यदि इस तरह का अपराध समाज में होता है, तो तत्काल इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर दें और पीड़ितों की मदद कर सकते हैं। महिला थानाध्यक्ष रिहाना याशमीन खान ने कहा कि मां से अच्छा कोई दोस्त नहीं है। उनसे कोई बात नहीं छुपानी चाहिए। आत्मनिर्भर बनें और अब तो मनचलों से निपटने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड भी है। खुद भी आत्मरक्षा के लिए पेन, चिली स्प्रे या पत्थरों का उपयोग कर सकती हैं और जल्द थाने में पहुंचकर अपनी समस्याएं बता सकती हैं। साइबर सेल प्रभारी गुलाम हुसैन ने बताया कि कोई भी बैंक ग्राहकों से खाते से संबंधित कोई भी जानकारी नहीं मांगता है और न ही खाते से संबंधित जानकारियां फोन के माध्यम से देता है। इसलिए इस तरह की कोई भी कॉल आने पर तत्काल बैंक की शाखा से संपर्क करें। सोशल मीडिया पर अपनी फोटो शेयर करने से बचें। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्मय से कोई गलत मैसेज शेयर किया जा रहा है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। यातायात विभाग से आए नरेंद्र सिंह ने बताया कि दो पहिया वाहन पर हेल्मेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूरी लगाएं। इसे मजबूरी नहीं, बल्कि अपनी हिफाजत के लिए जरूरी समझें। इसके साथ ही उन्होंने जागरूक करते हुए बताया कि अपने अभिभावकों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। शराब पीकर वाहन न चलाने दें। अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य पूनम मलिक ने अमर उजाला की मुहिम की सराहना करते हुए बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से जागरूकता आती है। इस दौरान अतिथियों ने छात्राओं को नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलवाई और शपथ पत्र भी भरवाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से रचना रायकवार, रचना चंदेल, अतिशा रामा, कादंबिनी तिवारी, सफीना, रागिनी चौधरी, रविंद्र, मुन्ना तिवारी मौजूद रहे। मंच संचालन रितु गुप्ता व आभार प्रधानाचार्य पूनम मलिक ने व्यक्त किया।
----
अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम से जागरूक होकर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में अब पराजित नहीं होंगी। कानून की जानकारी होने से अपराध भी नहीं होंगे और समय पर कानून मदद भी ले सकेंगीं।
महक मारौठिया, कक्षा- 09
--
फोटो- 07
इस तरह के कार्यक्रम सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी होने चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को युवतियों को कानून की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही बताया कि कानून की बारीकियों को वह दूसरों को भी बताएंगी।
श्रृष्टि निरंजन, कक्षा- 09
--
इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होकर अच्छा लगा। कानून की बारीकियों को समझा। समाज में महिलाओं को भी बराबरी का हक मिलना चाहिए। आज की पाठशाला में प्राप्त जानकारियां जीवन के हर समय काम आएंगीं।
अदिति जैन, कक्षा- 09
--
अमर उजाला का यह प्रयास प्रशंसा के योग्य है। इन दिनों साइबर क्राइम काफी बढ़ रहे हैं। आज के कार्यक्रम से छात्राओं को नई दिशा मिली है। कानून की जानकारियां दूूसरों को भी देंगे।
राखी बबेले