ललितपुर। नेशनल हाइवे स्थित गौशाला में अराजकतत्वों की आवाजाही से परेशानी हो रही है। गौशाला के कार्यकर्ताओं ने अराजकतत्वों पर लगाम कसने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को दयोदय पशु संरक्षण केंद्र मसौराखुर्द के सदस्यों ने अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह को ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने बताया कि गौशाला में आए दिन कुछ अराजकतत्व आकर शराब का सेवन करते हैं। गौशाला के कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर उन्हें पीटा जाता है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। आरोप लगाया कि गौशाला में उत्पात मचाने वाले लोग हाइवे पर लूटपाट भी करते हैं। उन्होंने दोषियों पर लगाम कसने की मांग की। इस दौरान अंतिम कुमार, सिद्धार्थ कुमार, हनी जैन, दीपेश जैन, रिषी जैन, सिद्वांत जैन, गौतम जैन आदि उपस्थित रहे।