ललितपुर। कोरोना से बचाव के लिए ड्राई रन के बाद तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैक्सीन के रखरखाव के लिए कोल्ड चेन तैयार हैं। 16 जनवरी को फ्रंट लाइन वर्कर्स (चिकित्सा कर्मियों) का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए पांच हजार डोज आज पहुंच जाएंगे। इसके लिए शहर के तीन और ब्लॉकों पर स्थापित पीएचसी/सीएचसी केंद्रों पर शुक्रवार को टीका पहुंचाए जाएंगे।
वर्ष 2020 कोरोना संक्रमण में बीता। अब, जब टीकाकरण की शुरूआत होने जा रही है तो लोगों को कोविड महामारी से बचने की उम्मीद जगी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन खान ने बताया कि पहले चरण के टीकाकरण के लिए फ्रंट लाइन वॉरियर्स को चुना गया है। ललितपुर में इसके तहत 4,080 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना है। बृहस्पतिवार तक वैक्सीन की पांच हजार डोज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में कोल्ड चेन में पहुंच जाएंगी। सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। टीकाकरण के लिए जिला पुरुष चिकित्सालय में दो केंद्र, जिला महिला चिकित्सालय में एक केंद्र, सभी सीएचसी और पीएचसी पर एक-एक केंद्र बनाए गए हैं।
-----
यह बनाए गए नोडल अधिकारी
- जिला पुरुष चिकित्सालय - डॉ. अमित चतुर्वेदी, जिला महिला चिकित्सालय - डॉ. हरेेंद्र चौहान, पीएचसी जखौरा - डॉ. प्रदीप यादव, पीएचसी बिरधा - डॉ. अजय खरे, सीएचसी महरौनी - डॉ. राजेश वर्मा, सीएचसी मड़ावरा - डॉ. अशोक कुुमार, सीएचसी बार - डॉ. चतुर्भुज राजपूत, सीएचसी तालबेहट - डॉ. नितिन कंसौरिया
-----
वैक्सीन रखने की क्षमता
सीएमओ कार्यालय में 225 लीटर के दो आइलार - 50 हजार डोज
सीएचसी पर रखे गए एक- एक बड़े आइलार - 24 हजार डोज
पीएचसी पर रखे गए एक- एक छोटे आइलार - 12 हजार डोज
------
वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बृहस्पतिवार तक वैक्सीन आ जाएगी। इसके बाद विभिन्न केंद्रों के नोडल अधिकारियों को वैक्सीन की डोज सुपुर्द की जाएगी।
- डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी