मड़ावरा। बुधवार को मड़ावरा स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड टीकाकरण कराए जाने के लिए युवाओं की अच्छी खासी भीड़ रही। कई बुजुर्गों द्वारा भी टीका लगवाया गया। मंगलवार से मड़ावरा सीएचसी पर सभी वयस्क नागरिकों का टीकाकरण किया जा रहा है।
बुधवार को मड़ावरा केंद्र पर मड़ावरा ब्लॉक के साथ ही महरौनी ब्लॉक के ग्रामीणों द्वारा अपना टीकाकरण कराया गया। वहीं मड़ावरा में युवाओं के साथ-साथ अब बुजुर्गों में भी वैक्सीन के प्रति रुझान बढ़ता नजर आ रहा है। ग्राम साढूमल निवासी छह बुजुर्गों द्वारा भी कोरोना का टीका लगवाया गया। बुधवार को मड़ावरा सीएचसी पर 100 नागरिकों का टीकाकरण किया गया। इन दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार द्वारा युवाओं को टीकाकरण कराए जाने के बाद बरती जाने वाली मामूली सावधानियों के बारे में जानकारी एवं उपचारात्मक सलाह भी दी जा रही है।
निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख मड़ावरा के भाई धर्मदीप रावत टिकी कहते हैं कि देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए युवा आगे आए हैं जो अन्य नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
बुधवार को टीकाकरण कराने पहुंची गृहणी अरुणा सराफ ने कहा कि परिवार, घर, समाज और देश को इस महामारी से बचाने के लिए महिलाओं को टीकाकरण के लिए जागरूक होना चाहिए। हमें टीका लगवाकर परिजनों को भी प्रेरित करना है।
महरौनी क्षेत्र के ग्राम नैनवारा निवासी युवा सचिन दुबे बताते हैं कि टीकाकरण काफी सरल और कारगर है। स्वयं टीका लगवाने के बाद अब वह गांव में सपरिवार मिसाल बनकर बुजुर्गों को जागरूक करने के लिए प्रयास करेंगे।
ग्राम साढूमल निवासी पेशे से चिकित्सक वरिष्ठ नागरिक नंद किशोर सोनी ने बुधवार को मड़ावरा स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगवाने के बाद बताया कि टीकाकरण के प्रति युवाओं के जोश को देखते हुए तमाम बुजुर्गों को भी प्रेरणा मिली है, जिसके चलते मैंने भी टीकाकरण कराया है।