ललितपुर। अमरपुर स्थित मंडी में प्रशासनिक भवन को एल-1 अटैच अस्पताल बनाया गया है। यहां पर 120 पलंग की तैयारी पूरी हो गई है। पेयजल, बिजली और शौचालयों की सुविधा हो गई है। अब आवश्यकता पड़ने पर कोरोना संक्रमित मरीजों को यहां पर भर्ती किया जा सकेगा।
जिले में कोराना संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। मरीजों की संख्या से अस्पतालों में पलंग कम न पड़ें, इसके लिए अतिरिक्त अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। पहले अस्पताल में 30 पलंग की सुविधा थी, लेकिन महज चार पांच- दिनों में ही पलंग भर गए तो 108 पलंग का अस्पताल तालबेहट पॉलीटेक्निक में बनाया गया। इसमें लगभग 70 भर्ती मरीजों का उपचार चल रहा है।
लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों को लेकर जनपदवासी बेचैन बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में पंगल कम न पड़ें, इसलिए मरीजों को उपचार की सुविधा के लिए अमरपुर स्थित मंडी के प्रशासनिक भवन में 120 पंलग का अस्पताल बनाया गया है। भवन के सभी तलों पर शौचालयों, पीने के लिए पानी व बिजली की व्यवस्था की गई है। पीने ाके लिए आरओ और वाटर कूलर लगाए गए हैं। एक से दूसरे पलंग के बीच सामाजिक दूरी बनाई गई है। भवन में पलंग तैयार हो गए हैं। ्आवश्यकत पड़ने पर मरीजों को यहां भर्ती किया जाएगा।
कोविड लेवल- वन अस्पताल में उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारी व अन्य स्टाफ का चयन किया गया है। इन्हें उपचार के लिए पहले से प्रशिक्षित किया गया है। मरीजों को खाना, नाश्ता और चाय आदि की सुविधा होगी। मरीजों को विटामिन की दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 120 पलंग की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर और भी पलंग डाल दिए जाएंगे।
---------
कई स्थान किए जा रहे चिह्नित
संक्रमित सामान्य मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में मरीजों को उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की तैयारी जोरों पर चल रही है। कोरोना के बढ़ते मरीजों को लेकर भर्ती करने के लिए लेवल- वन अस्पताल बनाने के लिए कई स्थान चिह्नित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल बनाकर पलंग डलवाए जाएंगे।
-----------
अमरपुर में 120 पलंग का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। यहां पर संक्रमित सामान्य मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
- अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी