सैदपुर/मड़ावरा। महरौनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैदपुर में शराब की दुकानों पर सामाजिक दूरियों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। वहीं, शराब दुकान के सेल्समैन बिना मास्क लगाए दुकान के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं।
बता दें कि शराब दुकान खुलने से पहले और शराब दुकान बंद होने के बाद तक दुकान पर लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है। ऐसे में शराब लेने के लिए बेहद अफरातफरी रहती है। दुकान में शराब लेने के लिए कोई सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करता है और न ही दुकान प्रबंधक द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। सैदपुर बस स्टैंड स्थित शराब दुकान में सोमवार को भारी भीड़ उमड़ी रही। सोशल डिस्टेंसिंग तो थी ही नहीं, कई लोग तो मास्क भी मुंह और नाक से नीचे लटकाए हुए थे। कुछ लोगों द्वारा सेल्समैन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने को कहा गया तो उसने सभी को फर्जी मुकदमे में फंसा देने की धमकी तक दे डाली।